भुरकुंडा (रामगढ़): आगामी काली पूजा, लक्ष्मी पूजा एवं सोहराई पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को बासल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने की। इसमें विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक के दौरान काली पूजा, लक्ष्मी पूजा और सोहराई पूजा समितियों के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा आयोजन को लेकर आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं से थाना प्रभारी को अवगत कराया। साथ ही त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मौके पर थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग आपसी सामंजस्य, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द कायम रखें।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से सभी पर्व मनाने और प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
मौके पर मन्नू मुंडा, भवानी सिंह, दिनेश मुंडा, संतोष कुमार, उपेंद्र कुमार, अखिलेश गोप, दीपक कुमार साव, सागर कुमार, कृष्ण मुंडा, सुनील कुमार, दीपक कुमार यादव, सहित एस आई विपिन बिहारी सिंह, मुंशी दिवाकर,और पुलिस कर्मी मौजूद थे।