पतरातू (रामगढ़): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में आज बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी के आवासीय कार्यालय में दिन के 12 बजे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पतरातु मंडल अध्यक्ष रंजन भगत ने किया।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर किया गया माल्यार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के जयकारे और ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन के साथ हुई। इससे पूर्व मंचासीन अतिथियों द्वारा जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण और विषय प्रवेश जिला संयोजक बलराम महतो द्वारा किया गया।
विपक्ष पर साधा गया कड़ा निशाना
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज महतो बाजपेयी ने अपने संबोधन में देश में विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही कथित अराजकता और लोकतंत्र से जुड़ी भ्रामक स्थितियों पर गंभीर चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव हारने के बाद अपनी हार की समीक्षा करने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे देशहित में कड़े और ऐतिहासिक फैसले ले रहे हैं। साथ ही आरोप लगाया कि विपक्षी दल सत्ता प्राप्ति के लिए भ्रामक नैरेटिव और अराजकता का माहौल बना रहे हैं, जिसका जनता के बीच जाकर डटकर मुकाबला करने की आवश्यकता है।
देशविरोधी तत्वों से सावधान रहने की अपील: विधायक रोशन लाल चौधरी
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि वर्तमान में देश में एक विशेष एजेंडे के तहत अशांति फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर लोकतंत्र, देश के प्रधानमंत्री, सैनिकों और संविधान के खिलाफ है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ऐसे अराजक तत्वों के षडयंत्रों से आम जनता को अवगत कराएं।
जनता के बीच जाकर बेनकाब करेंगे विपक्ष के षडयंत्र: संजीव कुमार सिंह
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि विपक्ष की हर अराजकता और साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर कांग्रेस व राहुल गांधी के राजनीतिक षडयंत्रों की सच्चाई जनता के सामने रख रहे हैं। गोष्ठी को जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो और जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने भी संबोधित किया।
प्रमुख रूप से ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर लक्ष्मी देवी, रीति श्रीवास्तव, शीतल सिंह, सुनील प्रसाद, राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, संतोष शर्मा, पंकज कुमार गुप्ता, राजाराम प्रजापति, रंजीत राम, मनोज अगाड़ी, विनोद प्रसाद, सुशांत कुमार पांडेय, रंजन भगत, अजय पासवान, शौर्य प्रसाद कुशवाहा, नूतन कुमार महतो, निरंजन कुमार, महेंद्र प्रसाद, गोविंद रजवार, डब्ल्यू पांडेय, संजय पांडेय, राजकुमार मुंडा, मंजू देवी, शांति देवी, अमिता सोनी, खुशबू देवी, सुनीता देवी, खुशी लाल महतो, किशोर कुमार महतो, सुरेंद्र करमाली, राजेंद्र ठाकुर, ब्रजेश पाठक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मातृशक्ति (महिलाएं) मौजूद थीं।