रांची: आंदोलन के क्रम में छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने जिलावार आंदोलन की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा है कि 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए 9 सितंबर से जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आदित्य साहू ने कहा कि छात्रों से जुड़े मामलों की समीक्षा कर एफआईआर वापस ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान डीसी और एसपी कार्यालयों के समक्ष भी विरोध दर्ज कराया जाएगा।

पार्टी के अनुसार 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में प्रदर्शन होगा। 10 सितंबर को सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में आंदोलन किया जाएगा। 11 सितंबर को गढ़वा, देवघर, लोहरदगा, खूंटी और गोड्डा समेत निर्धारित अन्य जिलों में प्रदर्शन का कार्यक्रम है।

भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया पर सवाल

आदित्य साहू ने भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया और कुछ परिणामों को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी उल्लेख किया। भाजपा ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है। उन्होंने क्षेत्रीय भाषाओं के मुद्दे पर खोरठा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल क्षेत्रीय भाषाओं से जुड़े नियमों और प्रक्रिया का समान रूप से पालन होना चाहिए। कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

By Admin