रामगढ़: आगामी एक नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 (JTET) का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने महर्षि परमहंस बी.एड. कॉलेज, डिवाइन ओंकार मिशन विद्यालय, राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कोयरीटोला और कृष्ण वल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुरूप परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण, परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग तथा परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त वीक्षकों एवं अन्य कर्मियों की जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा परीक्षा कार्य में संलग्न सभी कर्मियों को उनके दायित्वों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के संबंध में स्पष्ट रूप से ब्रीफिंग देना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे। उक्त अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

