गिद्दी (हजारीबाग): डाड़ी प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को हजारीबाग जिला परिवहन विभाग के तत्वावधान में ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी बदहोलिया के निर्देश पर किया गया। एक दिवसीय कैंप में क्षेत्र के अभ्यर्थियों से ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन लिए गए। जिला परिवहन विभाग के अनुसार कैंप में कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए। बताया जाता है कि सभी आवेदनों के कागजातों की जांच के बाद अगले शिविर में लाइसेंस निर्गत किए जाएंगे।
मौके पर रोड सेफ्टी मैनेजर संतोष कुमार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर यह कैंप लगाया गया है। इससे अभ्यर्थियों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ड्राइविंग लाइसेंस बनने से लोगों को वाहन चलाने में सुविधा होगी। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से जिला परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष कैंप का लाभ उठाने की अपील की।
कैंप में जिला परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी मैनेजर संतोष कुमार, नोडल इंजीनियर शरीक इकबाल, असिस्टेंट आईटीएस अरविंद तिवारी, मोटरयान निरीक्षक बिरशु कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार साहू, ऑपरेटर कैलाश पांडेय, ऑपरेटर जीवन प्रकाश और ऑपरेटर अनिल कुमार उपस्थित थे।
