पार्किंग शेड और न्यायालय कक्षों में माईक-साउंड सिस्टम का हुआ उद्घाटन
• न्यायाधीश दीपक रोशन ने किया शिलान्यास और उद्घाटन
रामगढ़: व्यवहार न्यायालय रामगढ़ के प्रांगण में न्यायिक आधारभूत संरचनाओं का समारोहपूर्वक शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। अवसर पर न्यायाधीश झारखंड उच्च न्यायालय-सह-प्रशासनिक न्यायाधीश रामगढ़ न्यायमंडल दीपक रोशन द्वारा न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार और लिटिगेंट शेड का शिलान्यास किया गया। साथ ही पार्किंग शेड और न्यायालय कक्षों में माईक और साउंड सिस्टम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति दीपक रोशन का व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ और जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरांत जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कहा कि न्यायालय केवल न्याय प्रदान करने का स्थान नहीं, बल्कि आम नागरिकों के विश्वास का केंद्र भी है। न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए न्यायालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। कहा कि व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ में मुख्य प्रवेश द्वार, लिटिगेंट शेड, पार्किंग शेड तथा न्यायालय कक्षों में माईक एवं साउंड सिस्टम जैसी सुविधाओं का विकास न्यायालय में आने वाले अधिवक्ताओं, पक्षकारों, न्यायिक पदाधिकारियों और आम लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक एवं बेहतर सुविधाओं का समावेश समय की आवश्यकता है। न्यायालय कक्षों में माईक एवं साउंड सिस्टम की सुविधा से न्यायिक कार्यवाही के दौरान स्पष्टता और सुविधा बढ़ेगी तथा न्यायालय की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने में सहायता मिलेगी।
प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश ने जताया आभार
अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामगढ़ मो. तौफिकुल हसन ने कहा कि व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ में आधारभूत संरचनाओं के विकास से न्यायालय की कार्यक्षमता और सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा। मुख्य प्रवेश द्वार एवं लिटिगेंट शेड का निर्माण न्यायालय परिसर में आने वाले आमजनों एवं पक्षकारों के लिए उपयोगी होगा, वहीं पार्किंग शेड से वाहनों के व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय कक्षों में माईक एवं साउंड सिस्टम की सुविधा न्यायिक कार्यवाही के दौरान सभी संबंधित पक्षों के लिए बेहतर श्रवण व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। उन्होंने माननीय न्यायमूर्ति श्री दीपक रोशन के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामगढ़ न्यायमंडल में न्यायिक सुविधाओं के निरंतर विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
न्यायिक और प्रशासनिक समन्वय से आमजनों को मिलेगी बेहतर सुविधा
उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और आम नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम न्याय उपलब्ध कराने में न्यायालय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ में नई आधारभूत सुविधाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से न्यायिक संस्थानों को आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले आम नागरिकों, पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाना स्वागत योग्य पहल है।
न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफिकुल हसन, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय राजीव आनन्द, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, जिला और अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव, अध्यक्ष रामगढ़ अधिवक्ता संघ आनंद अग्रवाल, सचिव सीताराम सहित रामगढ़ व्यवहार न्यायालय के समस्त न्यायिक पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, अभियोजन पदाधिकारी एवं अधिवक्ता संघ, रामगढ़ के सदस्यगण उपस्थित रहे।
