गोड्डा: उपायुक्त जिशान क़मर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बुधवार को धान अधिप्राप्ति को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उपायुक्त ने सुयोग्य किसानों से धान की खरीददारी करने का निर्देश दिया। कहा कि धान खरीद में बिचौलियागीरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उन्होंने संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, लैम्पस के अध्यक्ष एवं सचिव को जिले में अधिक से अधिक किसानों का निबंधन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण राम के द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए धान अधिप्राप्ति को लेकर उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी दी गई। बैठक में उपायुक्त के द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष में धान अधिप्राप्ति केंद्रों व एफपीओ द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। जिसके उपरांत महोदय के द्वारा सभी पैक्सों और एफपीओ को धान अधिप्राप्ति कार्यों के लिए पूरी तरह से तैयार करने हेतु आवश्यक जानकारियां देने का निर्देश दिया।
वहीं उपायुक्त के द्वारा किसानों को धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर धान की बिक्री हेतु ई -उपार्जन पोर्टल पर निबंधन कराने के प्रति प्रेरित करने का निर्देश दिया गया, इसके साथ ही बैठक के दौरान उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति के उपरांत संबंधित राइस मिलों के साथ पैक्सों को टैग करने को लेकर कार्रवाई करने के संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोड्डा श्रवण राम, जिला कृषि पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी गौतम कुमार , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।