रांंची: देश भर में आज शुक्रवार को 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। 26 जनवरी 1950 को हमारे देश में संविधान को अंगीकार किया गया। यह अवसर है देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देनेवाले शहीदों के सम्मान में नतमस्तक होने का। दिवस है देश की गौरवशाली परंपरा और संस्कृति पर गर्व करने का। यह मौका है विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत में गणतांत्रिक मूल्यों के उत्सव का।
इधर, झारखंड में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुख्य समारोह राजधानी रांंची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया गया। जहां झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अवसर भव्य परेड का और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आकर्षक झांकियां भी निकाली जा रही है।
इसके साथ ही झारखंड के सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया जा रहा है। सभी जिलो में गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हो रहा है। जहां प्रशासनिक अधिकारी, राजनैतिक और सामाजिक संगठनों के लोग भाग ले रहे हैं।
विभिन्न सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के मनाया जा रहा है। कहीं प्रभातफेरी निकाली जा रही है, तो कई देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम हो रहे है। शहर से लेकर गांव तक, चौक से लेकर गली कूचों तक अपना तिरंगा शान से लहरा रहा है।