पारंपरिक हथियारों से हैरतअंगेज करतब रहे आकर्षण का केंद्र
भुरकुंडा (रामगढ़): सयाल क्षेत्र के रेलवे साइडिंग टिपला में शुक्रवार को मुहर्रम के अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे। इस दौरान “या हुसैन” की सदाओं और मातमी माहौल के बीच युवाओं ने पारंपरिक हथियार और आग के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए। कलाकारों ने अनुशासन और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए अपने हुनर का प्रदर्शन किया। वहीं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का खूब उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था बनाए रखी।
वहीं स्थानीय लोगों ने भी जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भुरकुंडा पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जुलूस में सयाल दक्षिणी मुखिया जगदीश साव, वीरेंद्र पासवान, सेंट्रल सौंदा मुखिया तिलेश्वर साव, पंचायत समिति सदस्य विजय साव, भुरकुंडा एएसआई विनोद कुमार, दारा साव, राजू उरांव, सिकंदर अली, आफताब आलम, सिद्दीक अंसारी, रिजवान अंसारी, संजर अली, अब्दुल जलील अंसारी, डॉ. सलाम, इदरीश अंसारी, सरफराज अंसारी, तबरेज आलम, हतीम अंसारी एवं मुमताज अंसारी सहित अनेक लोग शामिल हुए।
