हजारीबाग: सांसद मनीष जायसवाल और बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने शुक्रवार को उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सड़क, पेयजल, स्टेडियम निर्माण और व्यवसायियों को मिल रही आपराधिक धमकियों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बरही विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा के दौरान एनएच-19 पर बरही चौक, महुदी और रसोइया धमना में लगातार लगने वाले जाम, सड़क दुर्घटनाओं और जर्जर सड़क की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस संबंध में एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष सोनी के साथ गहन विमर्श हुआ। समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए शनिवार को उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम द्वारा संबंधित स्थलों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा बरही की पेयजलापूर्ति योजना को जल्द सुचारू करने और वहां स्टेडियम निर्माण की दिशा में भी चर्चा हुई।
सदर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सांसद मनीष जायसवाल ने भारत माता चौक से नगवां बायपास तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पिछले तीन महीने से बाधित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सुभाष प्रसाद को फटकार लगाते हुए तत्काल निर्माण कार्य सुचारू कराने का निर्देश दिया। इस मामले में उपायुक्त कार्यालय में विभागीय टेक्निकल सेल और संवेदक के साथ जल्द बैठक करने का निर्णय लिया गया। वहीं सिंघानी चौक से सुल्ताना तक सड़क के सुदृढ़ीकरण और कटकमसांडी में स्टेडियम निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने का आग्रह भी सांसद ने उपायुक्त से किया।
बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए सांसद ने बड़कागांव चौक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बायपास सड़क निर्माण का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। वहीं जिले के व्यवसायियों को लगातार मिल रही आपराधिक धमकियों पर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने उपायुक्त से तत्काल जिला सुरक्षा समिति की बैठक बुलाने और पीड़ित व्यवसायियों को आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराने का आग्रह किया।
बैठक के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि उपायुक्त के साथ सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई है। उपायुक्त हेमंत सती ने आगामी एक सप्ताह के भीतर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि बरही में सड़क जाम, जर्जर सड़क, पेयजलापूर्ति और स्टेडियम निर्माण की स्थिति का जायजा लेने के लिए स्वयं उपायुक्त के नेतृत्व में टीम स्थल निरीक्षण करेगी। पिछले करीब दस वर्षों से निर्माणाधीन बरही सड़क की समस्या हर बरसात में और गंभीर हो जाती है। इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल की जाएगी। सांसद ने बताया कि हजारीबाग शहर की मुख्य सड़क को राज्य सरकार से एनएचएआई को हस्तांतरित किया गया है। ऐसे में जल्द ही इस सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू होने और बायपास निर्माण की राह प्रशस्त होने की उम्मीद है।

