मांडू (रामगढ़): मांडू चट्टी पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर में अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत की मुखिया अनीता देवी ने लाभुकों को विधिवत गृह प्रवेश कराया। अपना पक्का मकान मिलने से लाभुक परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान अबुआ आवास योजना के तहत सपना देवी, पति अरविंद कसेरा एवं कविता देवी को गृह प्रवेश कराया गया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत विक्की देवी एवं बैजनाथ यादव, पिता गोपाल यादव को उनके नए आवास में गृह प्रवेश कराया गया।
अवसर पर मांडू चट्टी पंचायत की मुखिया अनीता देवी ने कहा कि आवास योजनाओं का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक परिवार को सुरक्षित छत और सम्मानजनक जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि बालेश्वर भुइयां, जिला उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति, रामगढ़ जिला आजसू पार्टी, पंचायत सेवक राजकुमार महतो, पंचायत स्वयंसेवक कपिल एवं ईश्वर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

