रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक बुधवार को कमेटी अध्यक्ष बंधु तिर्की की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने उपस्थित सदस्यों को घोषणा पत्र के संबंध में विभिन्न विषयों पर विशेष रूप से निर्देश देते हुए झारखंड के सामाजिक आर्थिक पहलुओं को ध्यान में रखकर और विस्तृत अध्ययन के पश्चात ही घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड के सभी जिला और प्रखंडों में घूम कर वहां के लोगों से मिलकर उनकी राय जानकर ही घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। कांग्रेस का घोषणा पत्र हमेशा से आम जनता का घोषणा पत्र रहा है। घोषणा पत्र जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा और सरकार बनते ही पूरी तरह से लागू किया जाएगा।
कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी की भी यही सोच है कि जो भी चीजें घोषणा पत्र में शामिल करें उस पर खूब मंथन करें ताकि सरकार में आकर उसे बखूबी लागू कर सकें। मेनिफेस्टो कमेटी युवा, महिला, किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग और समान्य वर्ग के बीच जाकर उनसे राय लेगी। जिसका अध्ययन कर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से ड्राफ़्टिंग कमिटी बनाई गई जिसमें बतौर सलाहकार अनादि ब्रह्म होंगे, अशोक चौधरी, लाल किशोर नाथ शाहदेव होंगे। जबकि कांग्रेस घोषणापत्र परामर्श कमेटी में अजय नाथ शाहदेव, डॉ. एम. तौसीफ और सतीश पॉल मुंजनी को रखा गया है।
बैठक में मुख्य रूप शहज़ादा अनवर, जलेश्वर महतो, मंत्री बन्ना गुप्ता, अनादि ब्रह्म, प्रदीप यादव, देवेंद्र नाथ चांपिया, अशोक चौधरी, डॉ. एम. तौसीफ़, बद्री राम, अजय नाथ शाहदेव, सतीश पॉल मुंजिनी, चंचल चटर्जी, जगदीश साहू, रवींद्र झा, लाल किशोर नाथ शाहदेव सहित अन्य शामिल थे।