रामगढ़: जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत सिद्धू-कान्हू मैदान में चल रही शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का पांचवां दिन मंगलवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

पांचवें दिन पतरातू प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा ली गई। इसके लिए कुल 1,344 अभ्यर्थी निर्धारित थे, जिनमें से 828 उपस्थित रहे, जबकि 516 अनुपस्थित रहे।

जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से पुख्ता व्यवस्था की गई है। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है।

गृह रक्षा वाहिनी बहाली परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित हो रही है, जो प्रतिदिन सुबह 5 बजे से शुरू होती है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। इसके बाद रामगढ़, गोला, चितरपुर प्रखंड और शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।