चरही (हजारीबाग): मारांग बुरू बचाओ संघर्ष मोर्चा हजारीबाग जिला समिति की प्रतिनिधियों की बैठक सोमवार को चरही लाल बंगला स्थित एससी-एसटी-ओबीसी इम्पलाइज को-ऑर्डिनेशन कार्यालय में हुई।  बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सोनाराम मांझी और संचालन जिला सचिव रमेश कुमार हेम्ब्रम ने किया। बैठक में आगामी 4 एवं 5 नवंबर 2026 को मारांग बुरू धोरोमगढ़ महासम्मेलन पीरटांड़, गिरिडीह में शामिल होने की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही बड़कागांव, डाड़ी, चुरचू, इचाक, दारू, विशुनगढ़, बरकट्ठा, टाटीझरिया सहित सभी प्रखंडों की समीक्षा की गई।

इस दौरान जिलाध्यक्ष सोनाराम मांझी ने बताया कि दो दिवसीय महासम्मेलन में झारखंड के अलावा असम, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और मिजोरम से भी संथाल आदिवासी प्रतिनिधि शामिल होंगे। 5 नवंबर को सम्मेलन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के भी शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में आदिवासी संथाल रीति-रिवाज, संस्कृति, अधिकारों के प्रति जागरूकता और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा की जाएगी।

मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष सोनाराम मांझी, जिला सचिव रमेश कुमार हेम्ब्रोम, जिला कोषाध्यक्ष रामकिशोर मुर्मू, सहदेव किस्कू, सन्नी सोरेन, सुरेश मुर्मू, जगदीश हेम्ब्रोम, पतिलाल मरांडी, सावन हंसदा, अनिल हंसदा, आनंद मरांडी और लखीराम मांझी मौजूद थे।