50 हजार रुपये नकद, लाखों के गहने और घरेलू सामान जले

रामगढ़ से पहुंचा फायरबिग्रेड, आग पर काबू पाया 

भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सयाल ‘बी’ टाइप कॉलोनी में बुधवार तड़के सुबह एक घर में भीषण आग लग गई। जिससे लाखों रुपए के सामान जलकर खाक हो गए। गनीमत यह रही कि आगलगी के बीच घरवाले सुरक्षित बाहर निकल गए। तकरीबन डेढ़ घंटे बाद रामगढ़ से पहुंची फायरबिग्रेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार सयाल बी टाइप कॉलोनी निवासी राजकुमार प्रसाद के घर में वे उनकी पत्नी, दो बेटी और एक बेटा गहरी नींद में सोए हुए थे। इस दौरान तड़के सुबह तकरीबन 03:30 बजे शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। आग की तपिश और धुएं से घरवालों की नींद खुली और वे आनन-फानन में घर से बाहर निकले। देखते-देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। इस दौरान हो-हल्ला और अफरातफरी का माहौल बन गया। आस-पड़ोस के लोग अपने घरों से निकले और आग बुझाने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी सीसीएल और रामगढ़ के फायरबिग्रेड को दी गई। अपरिहार्य कारणों से सीसीएल का दमकल तत्काल नहीं पहुंच सका। जबकि लगभग डेढ़ घंटे बाद रामगढ़ से फायरबिग्रेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने की कवायद शुरू हुई। इस क्रम में घर की खिड़कियों को भी तोड़ा गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जाता है कि आगलगी से घर में रखे तकरीबन 50 हजार रुपये नकद, लाखों रुपए के गहने, कपड़े, एसी, गीजर, सोफा, पलंग सहित अधिकांश सामान जलकर खाक हो गए हैं। वहीं सीसीएल का दमकल समय पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। 

By Admin

error: Content is protected !!