हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल सोमवार को मांडू विधानसभा के विष्णुगढ़ हॉस्पिटल चौक पहुंचे। अतिक्रमण हटाने के बाद रोजी-रोटी का संकट झेल रहे फुटपाथ दुकानदारों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और टूटी हुई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों ने सांसद को आवेदन सौंपकर बताया कि वे पिछले 40-50 वर्षों से यहां दुकानें लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। 11 जुलाई 2026 को प्रशासन द्वारा कार्रवाई के बाद सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रखंड मुख्यालय परिसर में अल्पसंख्यकों के लिए बनी दुकानों की तरह उनके लिए भी हॉस्पिटल की दीवार से सटे क्षेत्र, +2 उच्च विद्यालय की दीवार के किनारे या प्रखंड परिसर में स्थायी दुकानें बनाई जाएं। दुकानदारों ने कहा कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित राशि का भुगतान करने को तैयार हैं। इसपर सांसद ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ गरीबों की आजीविका की सुरक्षा भी जरूरी है। किसी की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

वहीं मीडिया से बातचीत में सांसद ने कहा कि हॉस्पिटल चौक की समस्या के दो कारण हैं। पहला पार्किंग व्यवस्था न होने से लगने वाला जाम। इसके लिए प्रशासन को पार्किंग और पुलिस को यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करना होगा। दूसरा यह कि किसी का रोजगार छीनने से पहले पुनर्वास की व्यवस्था करना भी सरकार का नैतिक दायित्व है।उन्होंने कहा आज बेरोजगारी बड़ी चुनौती है। लोग मुश्किल से छोटा व्यवसाय कर रहे हैं। अतिक्रमण हटाना जरूरी हो तो पहले वैकल्पिक व्यवस्था करें, फिर कार्रवाई करें। सांसद ने दुकानदारों से कहा कि वे हर कदम पर साथ हैं और मामले को लेकर जल्द ही हजारीबाग उपायुक्त से मिलकर स्थायी समाधान निकालेंगे।

अवसर पर अध्यक्ष रवि पाण्डेय, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र कुमार वर्णवाल, मुखिया निर्मल कुमार, पंसस मुन्नी देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोर कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!