मांडू (रामगढ़): मांडू अंचल के पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार ने रविवार को मांडू थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में संधारित सभी अभिलेखों, रजिस्टरों और रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। इस क्रम में अंचल निरीक्षक ने थाना में लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों की समीक्षा की और उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

वहीं उन्होंने वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी अभियान चलाने को कहा। साथ ही बैंक और एटीएम की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखने, क्षेत्रों में अड्डाबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन गश्ती करने का आदेश दिया।

इस दौरान आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था संधारण पर भी चर्चा हुई। अंचल निरीक्षक ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मौके पर थाना प्रभारी सदानंद कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।