मांडर/रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मांडर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सह अंचलाधिकारी चंचला कुमारी ने की। इसमें पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ और यातायात व्यवस्था, डीजे, विसर्जन जुलूस के मार्ग और समय को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीण डीएसपी राम नारायण चौधरी, थाना प्रभारी मनोज करमाली, कांग्रेस मीडिया प्रभारी आबिद अंसारी, भाजपा बीस सूत्री अध्यक्ष राम बालक ठाकुर समेत सभी पूजा पंडालों के अध्यक्ष, क्षेत्र के अगुवा, बुद्धिजीवी और सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।

अंचलाधिकारी चंचला कुमारी ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और एकता का पर्व है। सभी समितियां नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने अफवाहों से बचने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की।

ग्रामीण डीएसपी राम नारायण चौधरी ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। विसर्जन के दौरान भी विशेष निगरानी की जाएगी।

थाना प्रभारी मनोज करमाली ने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। पंडालों के आसपास गश्त बढ़ाई जाएगी। समितियां कार्यक्रम निर्धारित समय पर समाप्त करें और विवाद की स्थिति में तुरंत थाना को सूचना दें।

बैठक में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा संपन्न कराने का संकल्प लिया गया।