रांची: भारतीय महिला हॉकी की एशियन गेम्स 2026 की स्वर्णिम कामयाबी में झारखंड की चार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनकी सफलता पर खुशी जताई।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने भी उनकी तैयारियों और एशियन गेम्स के सफर के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की जीत में योगदान राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से यह साबित किया है कि मेहनत और अनुशासन के दम पर झारखंड की प्रतिभाएं विश्व स्तर पर पहचान बना सकती हैं।
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता का असर मैदान तक सीमित नहीं रहेगा। इससे राज्य के युवाओं, विशेषकर बेटियों में खेल के प्रति नया उत्साह पैदा होगा। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी मेहनत के साथ आगे बढ़ने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच सह सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद उपस्थित थे।
