उपायुक्त ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

रांची: आगामी गणेश चतुर्थी को लेकर विभिन्न गणेश पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान समितियों ने पर्व के दौरान आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन से सहयोग का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के सफल आयोजन में पूजा समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी समितियां प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने मूर्ति विसर्जन के दौरान संबंधित थाना के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने पूजा समितियों को ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से मिल-जुलकर गणेश चतुर्थी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

अवसर पर पूजा समितियों द्वारा उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मौके पर शांति समिति के सदस्य सागर कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।