पुलिस अधीक्षक ने दिलायी ‘गंगा स्वच्छता’ की शपथ
रामगढ़ : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रजरप्पा मंदिर परिक्षेत्र में मंगलवार को नमामि गंगे योजना के तहत “घाट पर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परिक्षेत्र स्थित क्यू कंपलेक्स में योग शिविर और गंगा स्वच्छता संकल्प कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जहां पुलिस अधीक्षक रामगढ़ प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से योग किया।
अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामगढ़ प्रभात कुमार ने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने एवं इससे उन्हें होने वाले फायदों के प्रति जानकारी दी।
वहीं उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्राचीन काल से योग भारत का एक अभिन्न अंग रहा है एवं कई प्रकार की बीमारियों से लोगों को बचाता रहा है। वर्तमान में पूरा विश्व आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है हम सभी को योग को अपने जीवन में शामिल कर इसका लाभ उठाना चाहिए।
योग कार्यक्रम के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने सभी को अपने क्षेत्र की नदियों और जल स्त्रोतों की स्वच्छता के लिए शपथ दिलायी।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी, पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।