19 जुलाई को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा 

रामगढ़: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आगामी 19 जुलाई 2026 को क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर रामगढ़ जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन की तैयारी की गई है। इस क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर अंतिम चरण की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारी, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी एवं निगरानी व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं कदाचार मुक्त वातावरण में कराया जाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, लगातार गश्त करने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आगामी परीक्षा के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय, पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपील की।

जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित सामग्री लेकर न आएं। परीक्षा की पवित्रता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कदाचार के किसी भी प्रयास के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

error: Content is protected !!