रांची: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में सुगम यातायात को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को शहर के कई प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडाल की व्यवस्थाएं देखीं।

निरीक्षण के दौरान अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश-निकास, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी, पार्किंग, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और महिला, बच्चों, दिव्यांगों व बुजुर्गों की सुविधा की जांच की गई। उपायुक्त ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुला रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा समितियों को पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल देने को कहा गया है।