रांची: मौसम की मार के बीच फुटपाथ पर दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले दुकानदारों को अब धूप और बारिश से कुछ राहत मिलेगी। शनिवार को ओटीसी ग्राउंड में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) के सीएसआर फंड के माध्यम से फुटपाथ दुकानदारों के बीच कैनोपी अम्ब्रेला का वितरण किया गया।
यह पहल रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के प्रयास से की गई। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि फुटपाथ दुकानदार शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके सामने मौसम की मार के साथ रोजी-रोटी चलाने की चुनौती भी रहती है। ऐसे में उन्हें धूप और बारिश से बचाव की सुविधा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
कैनोपी अम्ब्रेला मिलने से फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले लोगों को बारिश और तेज धूप के दौरान काम करने में सुविधा होगी। कार्यक्रम में दुकानदारों ने इस पहल के प्रति आभार जताया।
मौके पर रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
