रांची: 9 अक्टूबर के भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच और दुर्गा पूजा को देखते हुए रांची पुलिस ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी हैं। जिले से बाहर छुट्टी पर गए पुलिसकर्मियों को 6 अक्टूबर की अपराह्न तक लौटकर ड्यूटी ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया है।
मैच के दौरान जेएससीए स्टेडियम और आसपास सुरक्षा के साथ यातायात व भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी रहेगी। वहीं दुर्गा पूजा में शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती होगी। अतिरिक्त जरूरत को देखते हुए रांची पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से जवानों और पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया है।
एसएसपी कार्यालय के आदेश में संबंधित अधिकारियों को अवकाश पर गए कर्मियों की समय पर वापसी सुनिश्चित करने को कहा गया है। आदेश की प्रति नगर, ग्रामीण और यातायात एसपी, डीएसपी, एएसपी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, नगर नियंत्रण कक्ष और विभिन्न शाखा प्रभारियों को भेजी गई है।
सभी अधिकारियों को अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
