इंटक ने कभी मजदूरों के हित से नहीं किया समझौता : अनूप सिंह
उरीमारी (हजारीबाग): राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन, सीसीएल रीजनल और क्षेत्रीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को उरीमारी स्थित यूनियन कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राकमयू के केंद्रीय अध्यक्ष सह बेरमो विधायक अनूप सिंह और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद उपस्थित थीं। अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने दिवंगत मजदूर नेता स्वर्गीय निर्मल यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कोयला मजदूरों के मसीहा स्वर्गीय राजेंद्र बाबू और स्वर्गीय दिलीप यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके उपरांत क्षेत्रीय सचिव राजू यादव के नेतृत्व में उरीमारी के कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह, सीसीएल रीजन के अध्यक्ष श्यामल सरकार और रीजनल सचिव महेश सिंह को मोमेंटो भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया गया। वहीं क्षेत्रीय सचिव राजू यादव ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों, यूनियन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान वर्ष 2025 में सीसीएल में सदस्यता के क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले क्षेत्रों को केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सदस्यता के क्षेत्र में ढोरी क्षेत्र ने प्रथम, कुजू क्षेत्र ने द्वितीय तथा हजारीबाग क्षेत्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके बाद बरका-सयाल क्षेत्र से सेवा निवृत्त हुए संगठन के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह द्वारा शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक के दौरान बरका-सयाल क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से कई कोल कर्मियों ने राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की सदस्यता ग्रहण की।
केंद्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने सभी नए सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा और मजदूर हितों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।अनूप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इंटक ही वह संगठन है, जो कोयला कर्मियों के सुख-सुविधाओं, अधिकारों एवं सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य संगठन आज अपने अस्तित्व को बचाने के लिए समझौते करने में लगे हुए हैं, लेकिन इंटक ने मजदूरों के हितों के साथ न कभी समझौता किया है और न ही भविष्य में कभी समझौता किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि देश और कोल इंडिया को बचाना है तो जाति, धर्म, माटी और पार्टी से ऊपर उठकर सरकार को बदलना होगा और मजदूरों, किसानों, जवानों एवं युवाओं के हितों की सरकार बनानी होगी*। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस की सरकार बनानी होगी, जहां किसी के साथ जाति, धर्म, पार्टी या माटी के आधार पर भेदभाव न हो।
कार्यक्रम के अंत में रीजनल कमिटी के उपाध्यक्ष गुंजन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित श्रमिक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।
सम्मेलन में मुख्य रूप से सीपी संतन, अंजनी त्रिपाठी, उरीमारी शाखा अध्यक्ष सीताराम किस्कू, लालो महतो, कंचन मांझी, महादेव बेसरा, मुखिया चरका करमाली, धर्मदेव करमाली, कानू मरांडी, शिव शंकर पांडे, जयंत तुरी, सतेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
