एके-47, इंसास राइफल और कोल्ट एआर राइफल बरामद
हजारीबाग: झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के केरेडारी थानाक्षेत्र अंतर्गत खपिया जंगल में झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन ने चार हार्डकोर माओवादी नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी माओवादी रिजनल कमेटी सदस्य सहदेव महतो, उसकी नक्सली पत्नी नताशा, जोनल कमेटी सदस्य रंजीत गंझू और बुधन करमाली शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती खपिया के जंगल में नक्सली गतिविधि की सूचना पर झारखंड पुलिस और 209 कोबरा बटालियन ने “ऑपरेशन कोटिनीर” चलाया। सुरक्षाबलों को घेराबंदी करते देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दिया। जबकि कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग शुरू की।
इस मुठभेड़ में बीते एक दशक से आतंक का प्रयाय रहे माओवादी रिजनल कमेटी सदस्य सहदेव महतो, नक्सली पत्नी नताशा, जोनल कमेटी सदस्य रंजीत गंझू और बुधन करमाली मारे गए। नक्सलियों के पास से दो एके-47, एक इंसास राइफल और एक कोल्ट एआर राइफल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
ऑपरेशन कोटिनीर को पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि सहदेव गंझू का दस्ता इलाके में नक्सलियों का आखिरी दस्ता था। हार्डकोर नक्सलियों की मौत से इलाका दशकों से फैले नक्सल आतंक से अब मुक्त माना जा रहा है। नक्सली सहदेव महतो पर राज्य के विभिन्न जिलों में 41 कांड दर्ज हैं।
