मतदाताओं को नई सुबह की ओर ले जाने का प्रयास: एसडीओ
रांची: स्वीप के तहत मंगलवार को मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) रांची, उत्कर्ष कुमार के नेतृत्व में सेंट जेवियर कॉलेज रांची एवं मारवाड़ी कॉलेज रांची के छात्र-छात्राओं द्वारा रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रभात फेरी निकाली गई। जिसके माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ” देश को मेरा वोट.. मेरा वोट”, “25 मई देना है, देना है वोट” के नारे लगाए। साथ ही मतदाताओं से अपील करते हुए छात्रों ने कहा कि देश गढ़ने में अपनी सहभागिता निभाते हुए वोट जरूर करें।
अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) रांची उत्कर्ष कुमार ने कहा कि यह प्रभात फेरी मतदाताओं को नई सुबह की ओर ले जाने का प्रयास है, जिससे मतदाता जागरूक और जिम्मेवार बनें। मतदान के दिन अपने घरों से निकल कर मतदान बूथों में जाएं और मतदान करें। देश को मज़बूत करने में अपनी सहभागिता निभाएं।
प्रभात फेरी में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची सुमित कुमार अग्रवाल, कार्यपालक दंडाधिकारी जफर हसनाथ, सेंट जेवियर कॉलेज रांची के प्राचार्य और अन्य सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।