नाबालिग के अपहरण का आरोपी भी भोजपुर से गिरफ्तार

हजारीबाग: बरही अनुमंडल के पदमा ओपी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एक मामले में मारूति कार पर चोरी की गाय की तस्करी करते हुए तीन अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। जबकि नाबालिग लड़की के अपरहण के मामले में भोजपुर (बिहार) सेनाबालिग की बरामदगी करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। 

गाय चोरी कांड का खुलासा करते हुए पुलिस की ओर से बताया गया कि बीते 28 सितंबर की रात एसपी हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि देवचंदा मोड़, बरही रोड से एक मारूति  SX4 कार (JH 01 AR 9702) में गाय की तस्करी की जा रही है। एसपी ने विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। पुलिस टीम ने पद्मा ओपी क्षेत्र अंतर्गत अलीनगर मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया। इस क्रम में उक्त कार को पकड़ा लिया गया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे। जबकि पिछली सीट की जगह गाय बंधी पाई गई।

पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों की पहचान मो. मकबुल अंसारी (42 वर्ष) पिता मो. इन्सान अंसारी, गांव आदरा, जिला पुरुलिया निवासी, मो. शाबीर कुरैशी (33 वर्ष) पिता मो. निशामुद्द कुरैशी, ग्राम- बड़गांव, जिला हजारीबाग निवासी और मो. मिन्हाज (27 वर्ष) पिता मो असलम, पता मुदरी चौक, थाना लोअर बाजार, जिला रांची निवासी के रूप में हुई। अपने स्वीकारोक्ति बयान में तीनों ने पुलिस को बताया कि वे गाड़ी लेकर निकलते हैं और रास्ते में जो भी गाय मिलती है, उसे गाड़ी में लादकर बूचड़खाना में ले जाकर बेच देते हैं। 

वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने पदमा ओपी कांड सं० 335/2026 दिनांक 20/09/2026 धारा 137(2)/87 भारतीय न्याय संहिता के तहत अनुसंधान करते हुए बिहार से अपहृत नाबालिग पीड़िता की बरामदगी की है। मामले में बिहार के भोजपुर जिला अंतर्गत ग्राम शिवपुर से अभियुक्त सूरज सिंह उर्फ सूरज यादव ( 28 वर्ष) पिता तेजबली सिंह, ग्राम शिवपुर, थाना धनगाई, जिला भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार किया गया है।