रामगढ़: जिले में सोमवार को तीन नये वरीय पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया। अवसर पर नव पदस्थापित अपर समाहर्ता रामगढ़ मनींद्र भगत, रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की और जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने पदभार संभाला। इसके साथ ही अधिकारियों ने कार्यालय के कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और कार्य प्रणाली की जानकारी ली।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत पदाधिकारियों ने कहा कि रामगढ़ जिला के विकास में अपना योगदान देना और आम जनता की समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी। अपर समाहर्ता मनींद्र भगत ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों का समय पर निष्पादन करना और राजस्व प्रशासन को और बेहतर बनाना उनका मुख्य उद्देश्य होगा, ताकि जनता को परेशानी न हो।
वहीं अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचाने के लिए वे तत्परता से कार्य करेंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री राजेश एक्का ने कहा कि जिले की परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने, नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर उनका विशेष ध्यान रहेगा।
