रिपोर्ट – एस. अंसारी
रांची: राजधानी के कांके क्षेत्र में शनिवार शाम एक बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क पर कोहराम मचा दिया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक के बाद एक कई वाहनों से टकरा गया। हादसे में 3 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर कांके रोड की ओर बहुत तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर सड़क पर खड़े व चल रहे वाहनों को रौंदता चला गया। अचानक हुए हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। मामला दर्ज करते पुलिस चालक की पहचान करने में जुट गई है।
