| 318 योजनाओं की दी गई जानकारी, विकास को मिलेगी गति |
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ : बीडीओ
गिद्दी (हजारीबाग): डाड़ी प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डाड़ी बीडीओ अनुप्रिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। बीडीओ ने कहा कि भारत गारंटी योजना के तहत विकास कार्यों का सफल संचालन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गति देना और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यशाला में प्रखंड के सभी मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक और बीएफटी को भारत सरकार की 318 प्रकार की विकास योजनाओं में से प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही युक्तधारा एंट्री, कैश बुक एंट्री, सना-एस्पायरस मॉड्यूल और ट्रेजरी संबंधी कागजातों व प्रक्रियाओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में मुखिया सिलेविना, उमेश करमाली, सहायक प्रशासी पदाधिकारी अतीक सिन्हा, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम नाथ वर्मा, सहायक अभियंता दिव्यांश अयन, कनीय अभियंता सुरेंद्र कुमार, पंचायत सचिव शक्तिनाथ बेदिया, सरयू पासवान, बीएफटी तूफानी राम, देवेंद्र राम और प्रखंड नाजीर आशीष कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
