रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के द्वारा भैरवी डैम क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम और सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।
इस क्रम में अधिकारियों ने लोगों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की अपील भी की।
निरीक्षण के क्रम में जिन वाहन चालकों और वाहन मालिकों द्वारा नियमों के उल्लंघन की स्थिति पाई गई, उन्हें भविष्य में ऐसी त्रुटियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही बताया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से जांच एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी वाहन चालकों का यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
अभियान में अंचलाधिकारी दुलमी, सर्किल इंस्पेक्टर गोला तथा मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रामगढ़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मी शामिल थे।
