रांची: राजधानी रांची में 16 सितंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित लोकभवन मार्च को लेकर बैरिकेडिंग की गई है। जिसका असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ता दिखा। रातू रोड से लोकभवन मार्च पर की गई बैरिकेडिंग से बुधवार सुबह नौ बजे से 10 बजे तक यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित रही। इस दौरान सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। दफ्तर और जरूरी काम से निकले लोगों काफी देर जाम में फंसे रहे। इसका असर हरमू और आसपास की संपर्क सड़कों पर भी पड़ा। वैकल्पिक रास्तों पर भी ट्रैफिक का भारी दबाव पड़ता देखा गया।

इंतजार से सब्र टूटने पर आगे निकलने को लेकर वाहन चालकों के बीच कहासुनी की स्थिति बनी। यातायात को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभाली। बैरिकेडिंग के कुछ हिस्से खोलकर वाहनों की आवाजाही का रास्ता बनाया गया और अलग-अलग दिशाओं से आ रहे ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया। इसके बाद करीब 10 बजे से स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।
बताते चलें कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से लोक भवन तक मार्च प्रस्तावित है। मार्च अभी शुरू नहीं हुआ है। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए पहले से बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस का यह मार्च जनगणना प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर प्रस्तावित है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बैरिकेडिंग के कारण सुबह के व्यस्त समय में यातायात प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
