रांची: नगर निगम रांची का 47वां स्थापना दिवस मंगलवार को निगम कार्यालय उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह की शुरुआत मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव और सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।मौके पर शहर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, टैक्स और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों के साथ अफसरों और कर्मचारियों के व्यवहार को भी कसौटी पर रखा गया।
निगम आनेवाले लोगों से करें अच्छा व्यवहार: रोशनी खलखो
अपने संबोधन में मेयर रोशनी खलखो ने निगम कर्मियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निगम का असली मकसद शहरवासियों को सुविधाएं देना है। उन्होंने कहा, “निगम कार्यालय आने वाले हर व्यक्ति के साथ सरल और विनम्र व्यवहार होना चाहिए। फाइलों से ज्यादा जरूरी है लोगों की समस्या का समाधान।”
वहीं डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने कहा कि नागरिक सुविधाएं देना निगम की पहली प्राथमिकता है। लोगों की शिकायत को केवल कागजी प्रक्रिया न समझें, संवेदनशील होकर उसका निपटारा करें।
समारोह में अपर प्रशासक संजय कुमार, सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा, कार्यालय अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में निगम को और अधिक जन-उन्मुख बनाने का संकल्प लिया गया।
