उरीमारी (हजारीबाग): गरसुला प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) के प्रबंध समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों का चुनाव 22 अक्टूबर को होगा। इसको लेकर निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी गई है।

समिति के अध्यक्ष राम विलास गोप ने बताया कि कार्यालय सहायक निबंधक, सहयोग समितियां, हजारीबाग अंचल द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गरसुला पैक्स भवन में चुनावी प्रक्रिया पूरी होगी। चुनाव के लिए सहकारिता प्रसार पदाधिकारी भूनाथ महतो को निर्वाचन पदाधिकारी, प्रधान वरीय अंकेक्षक मुकेश कुमार को अनुकल्पिक निर्वाचन पदाधिकारी तथा सहायक निबंधक अश्विनी कुमार अधा को सह-संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 5 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से मध्याह्न 12 बजे तक नामांकन दाखिल होगा, उसी दिन 12 से 2 बजे तक जांच और अपराह्न 2.30 बजे नामांकन पत्रों की सूची का प्रदर्शन किया जाएगा। 6 अक्टूबर को आपत्तियां ली जाएंगी, उनका निष्पादन होगा और वैध नामांकन सूची का प्रकाशन अपराह्न 2.30 बजे होगा। उसी दिन 3 बजे से 3.30 बजे तक नाम वापसी ली जाएगी और शाम 4 बजे अंतिम सूची तथा 4.30 बजे चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा।

मतदान 22 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक गरसुला पैक्स भवन में होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना और उसी दिन परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।

उन्होंने ने बताया कि मतदाता सूची का प्रदर्शन 6 सितंबर को किया गया था। 13 सितंबर को आपत्तियां लेकर सुनवाई के बाद अंतिम सूची जारी की गई है। अंतिम सूची में 512 सदस्य हैं, जबकि सोसाइटी उपविधि के अध्याय-1 की कंडिका-17 के आलोक में 98 साधारण सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग नहीं ले सकेंगे। शेष 512 सदस्य ही मतदान में भाग लेंगे। पंचायत की मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों को सूचना देकर पैक्स भवन में कार्यक्रम की सूची चिपका दी गई है।