15वें वित्त के टाइड फंड से पेयजलापूर्ति और बिगड़े चापानल की मरम्मती करायें मुखिया: उपायुक्त
चतरा: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में गुरुवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चतरा के कार्यों की समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में जिले भर के प्रखंड क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति को सुचारू रूप से चलाने हेतु अधिष्ठापित चापानल,जल मीनार के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता को सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर मरम्मती कार्य करने हेतु क्षेत्र के मुखिया के साथ बैठक करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त के निदेशानुसार जिले के सभी मुखिया अब 15वें वित्त के टाईड फंड से पेयजल से संबंधित कार्य कर सकेंगे।सभी मुखिया अपने क्षेत्र के पंचायत भवन में चापाकल मरम्मती के लिए पाइप क्रय कर रखना सुनिश्चित करेंगे साथ ही इस संबंध में तकनीकी जानकारी वे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से प्राप्त कर सकते हैं।
वहीं पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चतरा के कार्यपालक अभियंता अवीक अंबाला द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में जल स्तर नीचे चले जाने के कारण चापानल से पानी नहीं निकल रहा है उस कारण पेयजलापूर्ति की समस्या उत्पन्न हो रही है।
इस संदर्भ में उपायुक्त ने कहा कि लोगों को पेयजल और वर्षाजल को संरक्षित के लिए आमलोगों को प्रेरित करें।साथ ही पेयजलापूर्ति करने हेतु कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने प्रखंड क्षेत्र में खराब पड़े चापानल एवं जल मीनार मरम्मती कार्य को लेकर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को मुखिया से खराब चापानल, जलमिनार की सूची प्राप्त करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने कहा मुखिया के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खराब चापानल, जलमीनार का मरम्मती कार्य जल्द से जल्द कराएं।
कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद से हेरू डेम चतरा में शहरी जलापूर्ति हेतु चल रहे गहरीकरण कार्य के भी प्रगति की जानकारी ली गई।
उक्त बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी, सहकारिता पदाधिकारी नीलम कुमारी, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी अभय कुमार झा, पेयजल एवं स्वक्षता प्रमंडल चतरा कार्यपालक अभियंता अवीक अंबाला प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।