बड़कागांव: झारखंड राज्य जन सेवक संघ के आवाह्न पर हजारीबाग जिला जन सेवक संघ के द्वारा 2400 ग्रेड पे को घटाकर 2000 ग्रेड पे करने मामले को लेकर जन सेवकों की 15वें दिन भी हजारीबाग समाहरणालय परिसर में धरना जारी रहा।
जन सेवक संघ के द्वारा 11 सूत्री मांग को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार धरने में रहने के कारण बड़कागांव प्रखंड कार्यालयों में ग्रामीणों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बड़कागांव प्रखंड के पंचायत समिति सदस्य सह उप प्रमुख बचनदेव कुमार, पंचायत समिति सदस्य रितेश ठाकुर, उपेंद्र कुमार प्रसाद एवं रंजीत चौबे ने हजारीबाग समाहरणालय परिसर में जन सेवकों के धरने में पहुंच कर अपना समर्थन दिया।
पंचायत समिति सदस्यों ने कहा कि सरकार के द्वारा पे ग्रेड घटाना अशोभनीय है। जनसेवकों से उनके क्षमता से अधिक काम लिया जा रहा है। लेकिन उन्हें प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पा रही है और ठीक इसके विपरीत उनका ग्रेड पे घटाना यह एक अव्यवहारिक कृत्य है। सरकार को जल्द से जल्द जन सेवकों की मांगों को पूरा कर उन्हें काम में लौटाना चाहिए। जिससे की प्रखंड स्तर पर ग्रामीणों को हो रही असुविधा और समस्या दूर हो सकें और सारा कामकाज सुचारू रूप से संचालित होता रहे।