All India Police Archery Competition concluded in Ranchi

 

पुरूष वर्ग में ITBP और महिला वर्ग में CISF विजेता 

रांची: खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का समापन सोमवार को हुआ। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही अनुशासन, अभ्यास और खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के लिए इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, टीम भावना, एकाग्रता और व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार मेहनत और समर्पण ही खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर देते हैं।

प्रतियोगिता में महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने 37 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने 23-23 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने 53 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री ने सभी विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।

अंकिता भकत को विशेष सम्मान

समारोह के दौरान टाटा आर्चरी एकेडमी की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज अंकिता भकत को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार उनके नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य सरकार और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतिनिधि मीणा भारती, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे, अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक सहित बोर्ड के अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और विभिन्न राज्यों और केंद्रीय बलों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी शामिल रहे।