पूरी दुनिया पीएम मोदी की कर रही प्रशंसा, कांग्रेस के पेट में हो रहा दर्द: जेपी नड्डा

• कहा, हेमंत सरकार है घोटालों की सरकार

• कहा, बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही झामुमो-कांग्रेस

गिरीडीह : पूरी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा कर रही है, पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है और इधर कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। कांग्रेसी मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं। कांग्रेस की बौखलाहट से अब कुछ होनेवाला नहीं। हम विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते हुए नई कहानी लिखेंगे। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने गिरीडीह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

केंंद्र सरकार नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महा जन संपर्क अभियान के तहत गुरुवार को गिरीडीह के झंडा चौक में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर प्रदेश भाजपा के नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कल का दिन ऐतिहासिक दिन था। जब 21 जून को 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अपनी संस्कृति से जु़ड़ी विधा योग का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री दुनिया के टॉप सीईओ के साथ मिल रहे हैं।  नोबेल पुरस्कार विजेता पॉल रोमर ने कहा कि आज मैं मोदी जी से मिला हूं और मैंने जाना कि किस तरह से मोदी जी ने आधार को भारत के विकास का आधार बना दिया है। उसी तरह दुनिया के टॉप बिजनेसमैन एलन मस्क ने कहा कि मैं मोदी का प्रशंसक हूं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी आप बॉस हो। कोई उन्हें ग्लोबल लीडर बताता है तो कोई मोदी को बदलाव लाने वाला इकलौता नेता। यह नए भारत की बदलती तस्वीर है। परंतु दुख के साथ कहना पड़ता है कि हमारे कांग्रेस भाईयों को मोदी की प्रशंसा, देश की प्रशंसा भाती नहीं है।

जब एक ओर दुनिया मोदी जी की प्रशंसा कर रही तो वहीं कांग्रेस के लोग मोदी जी को सांप, बिच्छू, अनपढ़, नीच, चाय बेचने वाला की संज्ञा दे रहे हैं। परंतु कांग्रेस को पता नहीं है कि ये जितने विषवमन करते हैं उतनी ही मोदी जी की छवि निखरकर सामने आती है और वे उतनी ही अधिक ऊर्जा से जनसेवा में जुटते हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार ने हर तरीके से झारखंड को पीछे धकेलने का काम किया है। हेमंत सोरेन की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में लिप्त है। झारखंड में तुष्टिकरण चरम पर है और प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है।  कानून तोड़ने वालो का साथ राज्य सरकार दे रही है।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव मौजूद रहे।

By Admin

error: Content is protected !!