नई दिल्ली: G20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से भारत मंडपम के ट्राइब्स इंडिया पैवेलियन में भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। ट्राइबल को-ऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में जनजातीय समुदाय की कला पर आधारित वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी।
G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे कई देशों के नेता के लिए 9 और 10 सितंबर को प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में पेंटिंग, कपड़े, बरतन, कलाकृतियां जैविक उत्पाद से बनी सामग्री सहित कई सामाग्री प्रदर्शित की जाएंगी। गुजरात तथा मध्य प्रदेश की राठवा, भिलाला, नाइक और भील जनजातियों की प्रतिष्ठित समृद्ध और अनुष्ठानिक कला का प्रदर्शन किया जा रहा है।
वहीं मध्य प्रदेश की गोंड पेंटिंग और ओडिशा की सौरा पेंटिंग भी अतिथियों को लुभाएगी। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के अंगोरा और पश्मीना शॉल की खूबसूरती देखने योग्य है। नागालैंड के कोन्याक जनजातियों के रंगबिरंगे आभूषण भी सजाये गये हैं। इसके साथ ही पवेलियन में देश के कई हिस्सों के उत्कृष्ट ट्राइबल आर्ट्स और क्राफ्ट से सुसज्जित किया गया है।