लातेहार: बालूमाथ प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवसीय विद्यालय में शुक्रवार को भीषण शॉर्ट सर्किट के बाद अफरातफरी मच गई। घटना में तीन छात्राएं मामूली रूप से चोटिल बताई जा रही है। अन्य सभी छात्राओं को विद्यालय से बाहर निकाल लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय के बिजली के तारों में अचानक 440 वोल्ट की जगह 11000 वोल्ट प्रवाहित हो गया। जिससे विद्यालय में जगह-जगह शार्ट सर्किट होने लगा। स्पार्क के साथ बिजली के तार जलने लगे। इस दौरान विद्यालय में अफरातफरी मच गई। सभी छात्राओं को विद्यालय से बाहर निकाला गया। घटना में तीन छात्राएं मामूली रूप से घायल बताई जा रही है। जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
वहीं घटना की जानकारी पर बिजली विभाग के कर्मियों ने ट्रांसफार्मर से विद्यालय के कनेक्शन को फिलहाल हटा दिया। विद्यालय के तार में हाई वोल्टेज कैसे प्रवाहित हुआ यह अभी तक साफ नहीं हुआ है। इसकी जांच की जा रही है। इधर, घटना की सूचना पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने विद्यालय पहुंच घटना से संबंधित जानकारी ली और छात्राओं का हाल जाना। मामले की जानकारी डीसी लातेहार को भी दी गई है।