रामगढ़: रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर चुट्टूपालू घाटी में रविवार की सुबह भीषण सड़क दुघर्टना में एक ट्रेलर के ड्राइवर और खलासी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार हादसे रांची से रामगढ़ की ओर आता ट्रेलर घाटी में अनियंत्रित हो गया। इस क्रम में तेज रफ्तार ट्रेलर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। जबरदस्त टक्कर से ट्रेलर का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे घायल चालक और खलासी केबिन में फंस गए।

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। केबिन में फंसे दोनों लोगों को निकालने के लिए पहले क्रेन से वाहनों को अलग करने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद गैस कटर से केबिन को काटकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान यूपी निवासी चालक अजय पाल और खलासी शश्वेंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद घाटी में दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई घंटों की मशक्कत और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। पुलिस दुर्घटना को लेकर अग्रेत्तर कार्रवाई कर रही है।