सामाजिक न्याय के पुरोधा थे कर्पूरी ठाकुर : मनीष जायसवाल
हजारीबाग: सदर विधायक मनीष जायसवाल ने नूरा में बुधवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। नूरा में कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। साथ ही नाई समाज द्वारा आयोजित जयंती समारोह में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर समाज के वंचित और ज़रूरतमंद वर्गों के लोगों के सही मायने में नेता थे। वे सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। ऐसी महान विभूति जाति- धर्म से उपर पूरे राष्ट्र के लिए आदर्श हैं।मनीष जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने का जो निर्णय लिया है, वह स्वागत योग्य है।
वहीं नूरा स्थित कर्पूरी ठाकुर प्रतिमा स्थल के विकास और सामूदायिक भवन निर्माण को लेकर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि हम सभी प्रयास करें तो यहां भवन निर्माण की अनुमति मिल सकती है। यहां विधायक निधि की राशि से भव्य सामुदायिक भवन का निर्माण कराएंगे ताकि समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए यह भवन कारगर हो सके। मौके पर नाई समाज के कई गणमान्य मौजूद रहे।