अंबा प्रसाद बड़कागांव के लोगों की सुख-दुख की साथी : हेमंत सोरेन
रामगढ़: विपक्ष के लोग झूठ का पिटारा लेकर घूम रहे हैं। इन लोगों से बच के रहिएगा। अंबा प्रसाद पांच साल से बड़कागांव विधानसभा का विकास कर रही है। बड़कागांव में अंबा हमारी सरकार की आंख और कान है। इसलिए अंबा प्रसाद को बड़कागांव के विकास की जिम्मेदारी पुनः दी गई है। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को भुरकुंडा थाना मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
सभा में महागठबंधन की कांग्रेस उम्मीदवार अंबा प्रसाद सहित सूबे के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, झामुमो नेता संजीव बेदिया, राजद नेता गिरधारी गोप, सीपीआई नेता विंध्याचल बेदिया, अनुप्रिया, अमित साहू, संजय वर्मा, मुकेश राउत, योगेंद्र यादव, जयंत तुरी, उदय मालाकार, चंदन साहू, सीताराम मुंडा, चमन लाल, देवकी नंद बेदिया, जग्गू घासी, सरफरोज आलम, बलदेव राम, इमामुल अंसारी, इकबाल अंसारी सहित विभिन्न दलों के कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे।
अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे विधायक को खरीद कर सरकार गिराने का प्रयास किया गया। कामयाबी नहीं मिली तो जांच एजेंसियों का सहारा लेकर हमें झूठे मामले में फंसाकर जेल भेज दिया गया। कोरोना के समय हमने राज्य और इसकी गरिमा को बचाने का काम किया। हमारे राज्य में हमने बुरे हालात नहीं बनने दिए। हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार आपके घर तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचा रही है। आज राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं के खाते में हर माह एक हजार रुपया जा रहा है। यह राशी बढ़कर के दिसंबर से 2500 रुपये आपके खाते में भेजी जाएगी।
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर हरदम साथ खड़ी हूं: अंबा प्रसाद
विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि हमने पूरा समय जनहित में दिया है।क्षेत्र की सभी समस्याओं को लेकर हमेशा आपके साथ खड़ी रही हूं। शिक्षा के लिए उच्चरिंगा में सरकारी डिग्री कॉलेज और तारामंडल बनाने का प्रस्ताव पास कराया है। जहां बच्चे ऊंची शिक्षा ग्रहण करेंगे। यहां बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। पतरातु प्रखंड में 50 बेड का हॉस्पिटल बनाने का काम शुरू किया गया है। हमारी सरकार बनती है तो भुरकुंडा को अनुमंडल का दर्जा और गेगदा छाई डैम की समस्या को भी समाप्त किया जाएगा।
बड़कागांव की जनता वोट से देगी जवाब: संजीव बेदिया
सभा को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय सचिव संजीव बेदिया ने कहा कि विपक्ष ने हेमंत सोरेन को झूठा केस में फंसाकर जेल भेजा, इसका बदला 13 तारीख को राज्य की जनता वोट से देगी। कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अंबा प्रसाद को भारी मतों से जीत दिलाएं।