घायल किशोर महतो ने लगाया चिलोही से वार करने का आरोप

सिर और हाथ में लगी गंभीर चोट, लगे हैं कई टांके 

रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चैनगड्डा में मंगलवार की रात स्थानीय किशोर महतो की पत्नी और नाबालिग पुत्र ने उस पर चिलोही (पहसुल) से घातक हमला कर दिया। जिससे किशोर महतो बुरी तरह से जख्मी हो गया। स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार किया गया। किशोर महतो के सिर और हाथ में की टांके लगे हैं। इधर, पीड़ित ने बुधवार को भदानीनगर ओपी में आवेदन देकर पत्नी नवमी देवी और नाबालिग पुत्र पर चिलोही (पहसुल) से जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया।

पीड़ित किशोर महतो के अनुसार मंगलवार की देर शाम वह काम से वापस घर लौटा था। इस दौरान पत्नी नवमी देवी घर में नहीं थी और 14 वर्षीय बेटा मोबाइल पर व्यस्त था। किशोर महतो ने अपने बेटे से नवमी देवी को बुलाकर लाने और खान परोसने को कहा। बेटे ने उसकी बात को अनसुना कर दिया और मोबाईल पर लगा रहा। जिसपर दोनों में बहस होने लगी। इस क्रम में किशोर की पत्नी नवमी देवी घर आ गई। किशोर ने नवमी देवी से पूछा की वह कहां गई थी। जिस पर नवमी देवी नोंक-झोंक करने लगी। इस दौरान किशोर महतो से नवमी देवी और नाबालिग बेटा उलझ पड़े। नवमी देवी ने उसे जकड़ लिया और बेटे ने घर में रखे चिलोही (पहसुल) से उसके सिर पर कई वार किए। सिर बचाने के क्रम में हाथ भी जख्मी हो गया। 

भदानीनगर पुलिस घटना की छानबीन करते हुए आरोपित नवमी देवी और नाबालिग को ओपी ले आई। खबर लिखे जाने तक पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई में जुटी रही। बताया जाता है कि वर्ष 2023 में भी किशोर महतो पर पत्नी द्वारा कुल्हाड़ी से हमला कर घायल करने मामला प्रकाश में आया था। 

 

By Admin

error: Content is protected !!