बोकारो: जिले के नव पदस्थापित उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को अपने कार्यों की शुरूआत बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर-5 स्थित मानव सेवा आश्रम का जायजा लेकर किया। मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदन शेजवलकर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा  पीयूष, सीएसआर नोडल पाधिकारी शक्ति, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह उपस्थित रहे।

इस क्रम में उपायुक्त ने मानव सेवा आश्रम में दिव्यांग बच्चों के आवासन, रसोई घर, शौचालय, खेल-कूद परिसर का जायजा लिया। उन्होंने आश्रम संचालक से रह रहे बच्चों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बच्चों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जाना। इस दौरान वे आश्रम में व्याप्त समस्याओं से भी अवगत हुए। उन्होंने समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित पदाधिकारी को जरूरी दिशा-निर्देश दिया। कहा कि सभी समस्याओं को चिन्हित करते हुए उसके लंबी अवधि के लिए निष्पादन की दिशा में काम करें।

वहीं उपायुक्त ने कहा कि मानव सेवा आश्रम से मैंने अपने कार्यों की शुरुआत की है। यह मानव सेवा नहीं बल्कि ईश्वरीय सेवा है। बच्चे ईश्वर के साक्षात रूप होते है। मुझे गर्व है कि मैं इन बच्चों के बीच कुछ समय व्यतीत किया। यहां पर होने वाला व्यय किसी की सहानुभूति मात्र से नहीं चले। एक ऐसी व्यवस्था का सृजन हो, जिससे आश्रम को प्रत्येक आवश्यकता के लिए राशि आवंटन उपलब्ध होता रहे। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाएं जाएंगे।

By Admin

error: Content is protected !!