रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सोमवार की सुबह नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीते 24 जून को किडनी संबंधित समस्या बढ़ने पर उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए पिता के निधन की जानकारी दी है। शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
शिबू सोरेन का जन्म 11 जनवरी 1944 को हुआ था। झारखंड के लोकप्रिय और कद्दावर नेताओं में शुमार शिबू सोरेन राज्य के मुख्यमंत्री और केंद्र में मंत्री भी रहे। वर्तमान में झारखंड से राज्यसभा सांसद भी थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक थे। इसके अलावा झारखंड अलग राज्य आंदोलन में उनकी अग्रणी भूमिका रही। उन्हें “दिशोम गुरू” और “गुरूजी” के उप नाम से भी जाना जाता है। उनके निधन से झारखंड में शोक की लहर है।