पिठौरिया (रांची): बाजार टांड़ में खरीद-बिक्री और साप्ताहिक हाट के लिए आने वाले लोगों को अब शौचालय की सुविधा मिलेगी। पिठौरिया पंचायत क्षेत्र में नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का लोकार्पण किया गया। इसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इससे किसानों, व्यापारियों और हाट में खरीदारी करने आने वाले ग्रामीणों को सहूलियत होगी।
सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। बाजार में आने वाले लोगों को शौचालय की सुविधा मिलने से स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : मुन्नी देवी
पिठौरिया पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार करना और स्वच्छता को बढ़ावा देना प्राथमिकता है। सामुदायिक शौचालय शुरू होने से बाजार आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य श्रवण (पिठौरिया), ग्राम प्रधान रामलगन मुंडा, समाजसेवी मधु साहू, रामदेव सोनी, मिथिलेश प्रसाद, परमानंद गुप्ता, राम शर्मा, प्रद्युमन साहू, विजय साहू, हाफिज अंसारी, संजय नायक, कृष्णा जायसवाल, विष्णु साहू, संदीप प्रजापति, राजेंद्र प्रसाद और अनूप मुंडा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

