रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत कंडेर पंचायत के कच्चुदाग गांव में मंगलवार की तड़के सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को तड़के सुबह तकरीबन चार बजे के लगभग हाथियों का झुंड मिर्चाकोचा पहाड़ी की तरफ से कच्चूदाग गांव पहुंच गया। हाथियों ने खेत में लगी सब्जियों की फसल को रौंद दिया है। साथ ही हाथियों ने कई किसानों के धान खाकर बिखेर भी दिया है। उत्पात मचाने के बाद झुंड पुनः पहाड़ी की ओर लौट गया है।
बताया जाता है कि हाथियों का यह झुंड एक सप्ताह से भी अधिक समय से पहाड़ी पर डेरा जमाए हुए हैं। इससे पूर्व बीते मंगलवार को भी तड़के इस झुंड ने गांव में प्रवेश कर नुकसान पहुंचाया था। मामले को लेकर ग्रामीणों के साथ वन विभाग ने बैठक भी की थी। इधर, मंगलवार को झुंड ने ग्रामीण सहदेव बेदिया, कार्तिक महतो, महेश्वर बेदिया, संटू यादव, गोविन्द बेदिया, अरविंद बेदिया के धान खाकर और फसल रौंदकर काफी नुकसान पहुंचाया है।
